Maandag 17 Augustus 2026

शहीदों की स्मृति में पौधारोपण, फलदार-फूलदार पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

शहीदों की स्मृति में पौधारोपण, फलदार-फूलदार पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सिरसा । विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस तथा देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले महान शहीदों की स्मृति में सिरसा के एफ ब्लॉक में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 1947 के भारत विभाजन के दौरान हिंसा में जान गंवाने वाले लाखों निर्दोष नागरिकों तथा स्वतंत्रता संग्राम के महान शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनकी स्मृति में विभिन्न प्रकार के पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर प्रयास सोसाइटी के स्वयंसेवक एवं समाजसेवी रंजीत सिंह ने कहा कि विभाजन की त्रासदी देश के इतिहास का एक ऐसा दर्दनाक अध्याय है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। विभाजन के दौरान लाखों लोगों ने अपने प्राण गंवाए और करोड़ों लोगों को अपना घर-बार छोड़कर विस्थापित होना पड़ा। वहीं, देश को स्वतंत्रता दिलाने के लिए भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, शहीद ऊधम सिंह, चंद्रशेखर आजाद, राम प्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खां और मदन लाल ढींगरा जैसे महान क्रांतिकारियों ने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया।
उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान देश की अमूल्य विरासत है और उनकी स्मृति को जीवंत रखना हम सभी का दायित्व है। पौधारोपण के माध्यम से शहीदों को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
पौधारोपण अभियान के दौरान फलदार, फूलदार और छायादार पौधे लगाए गए, जिनमें जामुन, अमरूद, गुड़हल और मोगरा आदि शामिल रहे। रंजीत सिंह ने कहा कि आज लगाए गए पौधे आने वाले वर्षों में वृक्ष बनकर समाज को फल, फूल, छाया और स्वच्छ वातावरण प्रदान करेंगे।
उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे शहीदों की स्मृति में अधिक से अधिक पौधे लगाएं और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि देश की एकता, भाईचारे, शांति और पर्यावरण संरक्षण के लिए मिलकर कार्य करना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

शहीदों को शत-शत नमन। जय हिंद!

Geen opmerkings nie:

Plaas 'n opmerking

दिल्ली में राष्ट्रीय परामर्श कार्यशाला में हिमाचल की प्रयास सोसाइटी ने लिया भाग

धीरज रमौल ने कहा - नागरिक समाज की भूमिका उपस्थिति से आगे बढ़कर सहभागिता और साझेदारी तक पहुंचे नई दिल्ली, 3 नवंबर। नागरिक समाज संगठनों के लिए...