Woensdag 23 September 2026

‘स्वच्छ सागर, सुरक्षित सागर’ अभियान के तहत प्रयास सोसाइटी ने भरोग-बनेड़ी विद्यालय में दिलाई पर्यावरण संरक्षण की प्रतिज्ञा

सिरमौर/भरोग-बनेड़ी, 23 सितंबर। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, भारत सरकार के सौजन्य से चलाए जा रहे ‘स्वच्छ सागर, सुरक्षित सागर’ (SSSS 5.0) अभियान के अंतर्गत बुधवार को श्री शिवानंद रमौल स्मारक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भरोग-बनेड़ी में प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रयास सोसाइटी द्वारा किया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजना कुमारी जी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में 143 विद्यार्थियों तथा 14 स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने समुद्रों, तटों तथा जल निकायों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने, जल स्रोतों में कचरा न डालने, एकल-उपयोग प्लास्टिक के इस्तेमाल से बचने तथा कचरे का उचित निपटान करने की प्रतिज्ञा ली।
‘स्वच्छ सागर, सुरक्षित सागर’ (SSSS 5.0) अभियान का मुख्य उद्देश्य समुद्री संरक्षण एवं पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देना है। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों, विशेषज्ञों, कर्मचारियों तथा आम जनता सहित समाज के विभिन्न वर्गों की जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए समुद्री स्वच्छता के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही प्लास्टिक एवं अन्य कचरे से समुद्र और समुद्री तटों को होने वाले नुकसान को कम करने तथा ऑनलाइन प्रतिज्ञा एवं विभिन्न जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को पर्यावरण के प्रति उनके दायित्वों के प्रति जागरूक करना इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को समुद्री एवं जलीय पर्यावरण के संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समुद्र और जल निकाय केवल पर्यावरण के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं हैं, बल्कि मानव जीवन, जैव विविधता और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से भी सीधे जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि समुद्री पर्यावरण की सुरक्षा के लिए केवल तटीय क्षेत्रों में ही नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक गांव और विद्यालय में भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता आवश्यक है।
इस अवसर पर उपस्थित स्टाफ सदस्यों में श्री अजय प्रकाश, श्री भूपेश कुमार, श्री महेंद्र सिंह, श्री विक्रम सिंह, श्री राजेश कुमार, श्री कपिल देव, श्री तिवारी शर्मा, श्री अजय कुमार, श्री संदीप कुमार, श्री तपेंद्र सिंह, श्रीमती विनिता देवी, आस्था शर्मा तथा समृति ठाकुर शामिल रहे।
प्रयास सोसाइटी की ओर से कहा गया कि ‘स्वच्छ सागर, सुरक्षित सागर’ का संदेश केवल समुद्री क्षेत्रों तक सीमित नहीं है। जल संरक्षण, स्वच्छता, प्लास्टिक प्रदूषण में कमी और पर्यावरणीय जिम्मेदारी का संदेश देश के प्रत्येक गांव और विद्यालय तक पहुंचाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से प्रयास सोसाइटी द्वारा विद्यार्थियों एवं समुदाय को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की जा रही है।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वच्छ, सुरक्षित एवं सतत पर्यावरण के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।




Geen opmerkings nie:

Plaas 'n opmerking

दिल्ली में राष्ट्रीय परामर्श कार्यशाला में हिमाचल की प्रयास सोसाइटी ने लिया भाग

धीरज रमौल ने कहा - नागरिक समाज की भूमिका उपस्थिति से आगे बढ़कर सहभागिता और साझेदारी तक पहुंचे नई दिल्ली, 3 नवंबर। नागरिक समाज संगठनों के लिए...